रुद्राक्ष के फायदे, निरोगी काया के लिए वरदान है रुद्राक्ष

रुद्राक्ष के फायदे (Rudraksh Ke Fayde): हिंदू धर्म में सदियों से पूजा-पाठ, यज्ञ, हवन जैसे शुभ कार्यों में रुद्राक्ष का प्रयोग होता रहा है। रुद्राक्ष के बिना कोई भी धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण नहीं होता। अब तो वैज्ञानिक अनुसंधानों में रुद्राक्ष की गुणवत्ता साबित हो चुकी है। इसे धारण करने से शरीर स्वस्थ और मन शांत रहता है –

रुद्राक्ष के फायदे (Rudraksh Ke Fayde)

रुद्राक्ष के फायदे
Rudraksh Ke Fayde

रुद्राक्ष को भगवान शिव का नेत्र कहा गया है। इसकी उत्पत्ति और नामकरण के पीछे यह कथा प्रचलित है कि त्रिपुरासुर का वध करते समय रुद्रावतार धारण किए भगवान शंकर की आंखों से बहने वाला जल रुद्राक्ष के रूप में पृथ्वी पर साकार हुआ। 

इसकी उत्पत्ति के संबंध में यह भी कहा जाता है कि जब हिमालय की पुत्री सती ने स्वयं को हवन कुंड में समाहित कर दिया था तो भगवान शिव ने रौद्र रूप धारण कर लिया था और सती का शव कंधे पर उठा कर ब्रह्मांड का विनाश करने के लिए तांडव नृत्य करने लगे। 

शिव जी को रोकने के लिए भगवान विष्णु ने अपना सुदर्शन चक्र चलाया, जिससे सती के शरीर के कई टुकड़े हो गए। टुकड़े जहां-जहां हिस्सों में गिरे, वहां-वहां शक्तिपीठ की स्थापना हुई। अंत में भगवान शिव के शरीर पर सिर्फ सती के शरीर का भस्म रह गया। जिसे देखकर वह रो पड़े। इस तरह भगवान शिव के आंसुओं से रुद्राक्ष की उत्पत्ति हुई।

यह भी पढ़े – शिव साधना के लाभ, शिव साधना के अद्भुत चमत्कार

स्वास्थ्यवर्धक औषधि

रुद्राक्ष एक वनस्पति है। इसके पेड़ पर बेर जैसे फल लगते हैं। ये पेड़ हिमालय की तराई में पाए जाते हैं। रुद्राक्ष के प्रभाव से आसपास का संपूर्ण वातावरण शुद्ध हो जाता है। इसे रातभर भिगोकर रखने के बाद और प्रातःकाल नियमित रूप से खाली पेट इसका पानी पीना हृदय रोगियों के लिए बहुत लाभदायक साबित होता है। 

वैसे तो 1 से लेकर 35 मुंह तक के रुद्राक्ष उपलब्ध हैं, लेकिन कार्यसिद्धि के लिए कुछ ही रुद्राक्ष का इस्तेमाल किया जाता है। जिन्हें विविध कार्यसिद्धि के लिए विभिन्न रुद्राक्ष उपयोग में लाए जाते हैं। लेकिन गौरी शंकर नामक संयुक्त रुद्राक्ष, पैंतीस मुखी एवं एकमुखी रुद्राक्ष बहुत कम प्राप्त होते हैं। पुराना रुद्राक्ष अधिक प्रभावशाली होता है।

यह भी पढ़े – शिवलिंग की पूजा, किस शिवलिंग के पूजन से मिलता है फल? 

रुद्राक्ष के विभिन्न प्रकार

रुद्राक्ष की अलग-अलग किस्मों के लाभ भी अलग होते हैं।

1. एकमुखी रुद्राक्ष

यह आंख, नाक, कान और गले की बीमारियों को दूर करने में सहायक होता है।

2. द्विमुखी रुद्राक्ष 

यह मस्तिष्क की शांति, धैर्य और सामाजिक प्रतिष्ठा की वृद्धि में सहायक होता है। साथ ही इसे धारण करने से पाचन तंत्र संबंधी समस्याएं भी काफी हद तक दूर हो जाती हैं।

3. पंचमुखी रुद्राक्ष

यह पंच ब्रह्म तत्व का प्रतीक है। यह युवाओं के जीवन को सही दिशा देता है। इससे धन और मान-सम्मान में वृद्धि होती है। और यह उच्च रक्तचाप को भी नियंत्रित करता है।

4. सप्तमुखी रुद्राक्ष

इसे भगवान कार्तिकेय का प्रतीक माना गया है। इसको धारण करने से आंखों की दृष्टि में वृद्धि होती है। इसके अलावा चतुर्मुखी रुद्राक्ष शिक्षा के क्षेत्र में सफलता के लिए, पंचमुखी रुद्राक्ष नित्य जप के लिए, षड्मुखी रुद्राक्ष पुत्र प्राप्ति के लिए, चतुर्दश एवं पंचदशमुखी रुद्राक्ष लक्ष्मी प्राप्ति के लिए तथा इक्कीस मुखी रुद्राक्ष ज्ञान प्राप्ति के लिए धारण किया जाता है। 

यह भी पढ़े – शिव कृपा पाने के उपाय, शिव का प्रिय मास सावन

कैसे धारण करें?

रुद्राक्ष स्वभाव से ही प्रभावी होता है, लेकिन यदि उसे विधिवत धारण किया जाए तो उसका प्रभाव कई गुना अधिक हो जाता है। अगर जप के लिए रुद्राक्ष की माला सिद्ध करनी हो तो सबसे पहले उसे पंचामृत में डुबोएं, फिर साफ पानी से धो लें। 

हर मनके पर ईशानः सर्वभूतानां मंत्र का 10 बार जप करें। यदि रुद्राक्ष के सिर्फ एक मनके को सिद्ध करना हो तो पहले उसे पंचगव्य से स्नान कराएं और उस पर गंगाजल का छिड़काव करें। उसके बाद षोडशोपचार से पूजा करके उसे चांदी के डिब्बे में रखें। हाथों में कुश लेकर उसका स्पर्श रुद्राक्ष से करके इच्छित इष्टमंत्र का जप करें।

विविध रुद्राक्ष विभिन्न कार्यों के लिए काम में लाए जाते हैं। इसलिए उनके मंत्र एवं सूक्त भी अलग-अलग हैं। श्रीसूक्त, विष्णुसूक्त, पवमान रुद्र, मन्युसूक्त, चतुर्दश प्रणवात्मक महामृत्युंजय, शांतिसूक्त, रुद्रसूक्त तथा सौरसूक्त आदि का उपयोग कार्यानुसार रुद्राक्ष सिद्धि के लिए किया जाता है। रुद्राक्ष सिद्ध करना सहज है, लेकिन उसकी सिद्धि बनाए रखना मुश्किल है। 

असत्य वचन और बुरे व्यवहार आदि कारणों से रुद्राक्ष की सिद्धि कम हो जाती है। अतः इसे धारण करने वाले व्यक्ति को सदाचार का पालन करना चाहिए। ध्यान रहें, नकली रुद्राक्ष का कोई प्रभाव नहीं होता है। खरीदते समय असली और नकली का विशेष ध्यान दें।

यह भी पढ़े – सावन सोमवार व्रत के लाभ, कष्ट दूर करते हैं सावन मास के सोमवार

अस्वीकरण – इस लेख में दी गई जानकारियों पर Mandnam.com यह दावा नहीं करता कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। इन्हें अपनाने से पहले, कृपया संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *